सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को कार्यालय कलेक्टर नरसिंहपुर भवन परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य शासकीय कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ ही स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
स्वच्छता अभियान में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई करते हुए वहां फैले कचरे को झाड़ू लगाकर एकत्रित किया और उसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही परिसर में उगी अनावश्यक झाड़ियों एवं घास की भी साफ-सफाई की गई।
अभियान के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने स्वच्छता कार्य में सहयोग करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। उनकी सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया तथा यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों एवं शासकीय परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वच्छता गतिविधि के माध्यम से स्वच्छता, श्रमदान और जनभागीदारी का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बच्चों की सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत किया।






