सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को तपश्री स्टेडियम चिचोली में शिविर आयोजित किया गया। जिसमें 287 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का हितलाभ वितरित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा आवलेकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष, श्री अनिल सिंह कुशवाह, श्री राजेंद्र यादव, श्री कांति यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, जिला पंचायत सीईओ श्री गणेश जायसवाल एवं अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। शिक्षा विभाग की योजना के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा सुनीता पंद्राम एवं लवकेश मरकाम को स्कूटी दी गई।
सरकार आपके द्वार पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का कर रही निराकरण: केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कहा कि सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के बीच पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मिल रहा लाभ: विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके
घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने आमजन से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जनसमस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने चिचोली विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम अटारी निवासी श्रीमती गीता कुमरे द्वारा नाली निर्माण के संबंध में दिए गए आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित उपयंत्री को तकनीकी स्वीकृति (टीएस) जारी कर नाली निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। कृषि विद्युत लाइन से संबंधित आवेदन पर उन्होंने एमपीईबी के अधिकारी को त्वरित कार्रवाई कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम चुड़िया निवासी श्री प्रहलाद सोनी द्वारा बिजली बिल कम किए जाने के संबंध में दिए गए आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।चिचोली मंडल के ग्राम गवासेन के बरखेड़ा में एमपीआरएफ पोर्टल पर पट्टे के आवेदन के संबंध में कलेक्टर ने ट्राइबल विभाग एवं एसडीओ फॉरेस्ट को आवेदन की जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं श्री राजेश के पात्रता पर्ची संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को पात्रता पाए जाने पर आवेदक की समस्या का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, सेवाएं एवं हितलाभ उपलब्ध कराए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।




