सोनकच्छ के ग्राम पान्दा जागीर निवासी युवा उद्यमी श्री वंश जितेंद्र पाटीदार ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में नई संभावनाओं को पहचानते हुए अपना उद्यम शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्राप्त कर वे प्याज-लहसुन पेस्ट यूनिट स्थापित कर रहे हैं।

हितग्राही श्री वंश पाटीदार ने बताया कि इस यूनिट को स्थापित करने के लिए 19 लाख 40 हजार रुपए है, जिसमें योजना के अंतर्गत उन्हें 6 लाख 79 हजार रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई है। शासन की योजना का लाभ मिलने पर श्री वंश पादीदार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त कर रहे हैं।

श्री पाटीदार ने बताया कि इस सहायता से उन्हें खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्याज और लहसुन जैसी कृषि उपज का उत्पादन होता है। इन उपजों के प्रसंस्करण और उनसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की संभावना को देखते हुए उन्होंने ओनियन-लहसुन पेस्ट एवं पाउडर निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार किया।

आधुनिक तकनीक आधारित यूनिट के माध्यम से कृषि उपज को प्रसंस्कृत कर बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उनका उद्देश्य स्थानीय कृषि उपज को केवल कच्चे रूप में बेचने के बजाय उसका प्रसंस्करण कर अधिक मूल्य वाले उत्पाद तैयार करना है। इससे कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

उत्पादन शुरू होने से पहले बाजार से जोड़ा कारोबार

व्यवसाय को सफल बनाने के लिए केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि उत्पाद की बिक्री और बाजार की उपलब्धता को भी महत्वपूर्ण मानते हुए श्री वंश पाटीदार ने व्यावसायिक दूरदर्शिता का परिचय दिया है। उन्होंने नासिक स्थित प्रतिष्ठित फर्म ‘नमामि प्रोजेक्ट्स साइंटिफिक डिहाइड्रेटर्स’ के साथ विक्रय अनुबंध किया है। इस समझौते के तहत नमामि प्रोजेक्ट्स द्वारा श्री वंश पाटीदार की यूनिट में तैयार किए जाने वाले डिहाइड्रेटेड उत्पादों की खरीद की जाएगी। बाजार से पहले ही जुड़ाव होने से उनके लिए तैयार उत्पादों के विपणन की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार हुआ है।

युवा उद्यमियों के लिए बनी नई राह

श्री वंश पाटीदार का कहना है कि योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय एवं तकनीकी सहायता ने उन्हें अपना उद्यम शुरू करने का अवसर दिया है। उनका प्रयास है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जाए और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि उपज से गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जाएं।

पीएमएफएमई योजना के सहयोग से शुरू हो रही यह यूनिट ग्रामीण क्षेत्र में कृषि से उद्योग की ओर बढ़ते कदम और युवा उद्यमिता की नई तस्वीर प्रस्तुत करती है। श्री वंश पाटीदार ने उद्यम स्थापित करने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं युवाओं को न सिर्फ आत्मनिर्भर बना रही हैं, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी प्रदान कर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम न केवल खुद का उद्योग स्थापित कर रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। शासन की इन योजनाओं से युवा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “मेक इन इंडिया” के सपनों को साकार कर रहे हैं।