मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी भावना, सेवा, समर्पण एवं जनभागीदारी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार शाम “ आशीर्वाद का दीप प्रज्वलन ” समारोह आयोजित किया गया। तीन शेर चौक पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पांढुर्णा के अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी दीप प्रज्वलित कर “ आशीर्वाद का दीप ” कार्यक्रम में सहभागिता की।

दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं सहभागिता का संदेश

“ आशीर्वाद का दीप प्रज्वलन ” समारोह के माध्यम से शासन-प्रशासन की जनसेवा एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से जोड़ने का संदेश दिया गया। दीप प्रज्वलन को सेवा, सद्भाव, समर्पण एवं विकास के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में आयोजित किया गया।कार्यक्रम में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।

जनभागीदारी से सशक्त हो रहा सेवा और सुशासन का संकल्प

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने तथा सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में प्रशासनिक अमले, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में आयोजित “ आशीर्वाद का दीप प्रज्वलन ” समारोह ने शासन-प्रशासन एवं नागरिकों के बीच सेवा और सहभागिता के संबंध को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।

यह आयोजन इस भाव को भी रेखांकित करता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रभावशीलता जनभागीदारी से और अधिक व्यापक एवं सार्थक बनती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में शासन की जनहितकारी भावना को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।