9वें पोषण माह के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्रों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन --

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9वां राष्ट्रीय पोषण माह दिनांक 9 सितंबर 2026 से प्रारंभ किया गया है। पोषण माह के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण रंगोली, हरी पत्तेदार सब्जियों एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी, बच्चों की सहभागिता तथा पोषण संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्जियां, दालें, अनाज, मौसमी फल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए हितग्राहियों एवं समुदाय को प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास, स्वच्छता तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है।

9वें पोषण माह का उद्देश्य कुपोषण की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार तथा समुदाय में पोषण संबंधी व्यवहार परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए “सुपोषित भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।