देवास में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारम्भ उपमहानिदेशक, UIDAI दिल्ली, श्री अविनाश अग्रवाल ने किया। आधार सेवाओं को नागरिकों तक अधिक सुगमता, सुविधा एवं दक्षता के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा देवास में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आधार सेवा केंद्र का संचालन आम जनता के लिए प्रारंभ किया गया।

इस अवसर पर उपमहानिदेशक, UIDAI दिल्ली, श्री अविनाश अग्रवाल ने बताया कि UIDAI का यह नया आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। इससे कामकाजी लोगों, व्यवसायियों एवं अन्य नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार सेवाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी। केंद्र को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक बनाने के लिए दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर उपलब्ध कराए गए हैं।

नागरिकों की सुविधा के लिए केंद्र पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की व्यवस्था भी उपलब्ध है। नागरिक अपनी सुविधानुसार समय स्लॉट बुक कर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच सकते हैं और कम प्रतीक्षा समय में आधार संबंधी कार्य करा सकते हैं।

देवास जिले के नागरिकों की आधार संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को देवास में पहली बार विशेष “आधार जन समाधान शिविर” का भी आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों के लंबित आधार प्रकरणों, विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं तथा जटिल मामलों की सुनवाई की गई।

प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जांच, कार्रवाई एवं आगे की प्रक्रिया के संबंध में नागरिकों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में UIDAI, भोपाल की विशेष टीम उपस्थित रही, जिसने नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुना और प्रकरण की प्रकृति के अनुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करते हुए उचित समाधान एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। शिविर में 50 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया।

UIDAI द्वारा देवास में आधार सेवा केंद्र एवं विशेष आधार जन समाधान शिविर की यह पहल नागरिकों को आधार सेवाएं अधिक सुगम, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने तथा आधार संबंधी जटिल एवं लंबित मामलों के समाधान में महत्वपूर्ण कदम है। देवास जिले के नागरिक अब आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए 11-बी, नूतन नगर, वार्ड नंबर 32, जोन नंबर 1, स्टेशन रोड, लायंस होटल के पास, बीएनपी रोड, देवास – 455001 स्थित UIDAI के नवीन आधार सेवा केंद्र पर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।