सतना जिले के रामपुर बघेलान निवासी संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। संजय गुप्ता ने इंडियन बैंक, रामपुर बघेलान से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर ‘न्यू रामू रेडीमेड और साड़ी सेंटर’ के नाम से अपना उद्यम प्रारंभ किया।

व्यवसाय के माध्यम से संजय गुप्ता स्वयं स्वरोजगार से जुड़े हैं और अपने उद्यम को आगे बढ़ाते हुए अन्य युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उनका यह प्रयास न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहा है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे रहा है।

संजय गुप्ता बताते हैं कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से बैंक से ऋण प्राप्त होने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला। उन्होंने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हदय से धन्यवाद दिया।