कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने आष्टा प्रवास के दौरान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आष्टा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, कक्षाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से विशेष रूप से संवाद कर उनकी पढ़ाई, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन करने तथा परीक्षा की तैयारी के लिए अभी से समय का बेहतर प्रबंधन करने की बात कही।कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यार्थियों से उनके विषयों से संबंधित कठिनाइयों के बारे में भी चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कमजोर विषयों को चिन्हित कर उन पर विशेष रूप से फोकस करने तथा जिन विषयों में कठिनाई हो रही है, उनमें शिक्षकों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास और समय का उचित प्रबंधन बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में सहायक होगा।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने शाला परिसर में पौधारोपण भी किया।
उन्होंने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।



