बिरसा विकासखंड के बैगा जनजाति बहुल ग्राम कुंडेकसा में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।शिविर में संबल योजना के अंतर्गत 35 ग्रामीणों का पंजीयन किया गया। वहीं 10 लोगों की समग्र आईडी में तथा 15 लोगों के एम-राशन मित्र पोर्टल पर नाम जोड़े गए।

पूर्व में बनाए गए 277 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया, जबकि जाति प्रमाण पत्र बनाने के 70 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाओं का भी लाभ मिला। शिविर में 41 नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 27 आधार कार्ड में आवश्यक अपडेशन किया गया।

जन्म प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त 25 आवेदनों में से 19 प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाकर वितरित किए गए, जबकि 6 प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया जारी है।

आहार अनुदान योजना के अंतर्गत 4 आवेदन प्राप्त हुए, जो निराकरण की प्रक्रिया में हैं। वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पट्टे के लिए 4 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार विचार किया जा रहा है। इसके अलावा 21 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाकर प्रदान किए गए। शिविर में 4 विवाह पंजीयन किए गए तथा 14 लोगों की समग्र ई-केवायसी भी कराई गई।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही अनेक शासकीय सेवाओं का लाभ मिला और उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई।