कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बरगी बांध रोड स्थित ग्राम डुंगरिया में मध्य प्रदेश जल निगम द्वारा संचालित पड़वार-पड़रिया मल्टी विलेज पेयजल योजना के तहत किए जा रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत भी उपस्थित थे।
बरगी बांध क्षेत्र में पेयजल संरचनाओं का किया जायजा
इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह बरगी बांध पहुंचे और बैकवाटर एवं जलभराव क्षेत्र में पड़वार-पड़रिया मल्टी विलेज पेयजल योजना के तहत निर्माणाधीन इंटेक वेल तथा उससे जुड़ी जल संरचनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से इन संरचनाओं के निर्माण और परियोजना की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जल निगम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






