प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में स्‍वामित्‍व योजना के लाभार्थियों को पट्टे पर दी गई जमीन के अधिकार अभिलेखों की रजिस्‍ट्री करवाने का कार्य 17 सितम्‍बर से प्रारंभ किया है। सभी पट्टेधारी अपने पट्टे की जमीन की रजिस्‍ट्री अवश्‍य करवाएं। यह बात आगर क्षैत्र के विधायक श्री माधव सिंह मधु गेहलोत ने सेवा संकल्‍प एवं जन विश्‍वास अभियान के तहत् शुक्रवार को मंडी प्रांगण बड़ौद में आयोजित जिला स्‍तरीय जन विश्‍वास शिविर को मुख्‍य अतिथि के रूप में सम्‍बोधित करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्‍टर डॉ.शेर सिंह मीना, एसपी श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्‍यक्ष प्रतिनिधि श्री भेरूसिंह चौहान, जनपद अध्‍यक्ष प्रतिनिधि श्री श्‍याम सिंह परिहार, उपाध्‍यक्ष श्री राधो ठाकुर, नगर पालिका अध्‍यक्ष प्रतिनिधि सचिन लववंशी, उपाध्‍यक्ष प्रतिनिधि श्री लाल सिंह, श्री गोविन्‍द सिंह बरखेड़ी सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस शिविर में विभिन्‍न विभागों से संबंधित 64 आवेदन प्राप्‍त हुए, जिनका संबंधित अधिकारियों ने निराकरण कर मंच से अवगत कराया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास के 36, राजस्‍व के 6, नप बड़ौद के 7, लोक स्‍वाथ्‍य यांत्रिकी एवं श्रम विभाग के 3-3, विद्युत विभाग के 4 एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के 2, कृषि उपज मंडी, ई-गवर्नेंस एवं स्‍वास्‍थ्‍य विभाग से संबंधित 1-1आवेदन पत्र प्राप्‍त हुआ।

इस मौके पर विधायक श्री गेहलोत एवं कलेक्‍टर डॉ. मीना एवं एसपी श्री सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को स्‍वीकृति पत्र भी नगर परिषद् की ओर से वितरित किए। टी.बी. मुक्‍त भारत अभियान के तहत् 8 हितग्राहियों को न्‍यूट्री फुड बास्‍केट तथा पीएम स्‍वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना के तहत् 3 हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड एवं वृद्धावस्‍था पेंशन योजना के तहत् 2 हितग्राहियों को स्‍वीकृति पत्र वितरित किये।

विधायक श्री गेहलोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्‍यमंत्री जी द्वारा बड़ौद में 11.25 करोड़ का तीस बिस्‍तरीय नवीन अस्‍पताल भवन स्‍वीकृत किया गया है। सांदीपनि विद्यालय भवन का निर्माण भी यहां शीघ्र प्रारंभ होने वाला है। हम आगर, बडौद और कानड़ के लिये पेयजल आपूर्ति व्‍यवस्‍था के काम में भी जुटे हुए है। क्षैत्र में 4-5 स्‍थानों को पांच-पांच हजार गौवंश रखने के लिये गौशाला निर्माण हेतु चिन्हित किया जा रहा है। कार्यक्रम को श्री श्‍याम सिंह परिहार, श्री गोविन्‍द सिंह, भेरूसिंह चौहान, श्री सुरेन्‍द्र सिंह श्री लाल सिंह राजपूत, श्री राजेश आर्य ने भी सम्‍बोधित किया। श्री सचिन लववंशी ने स्‍वागत उद्बोधन दिया। अतिथियों ने मॉ सरस्‍वती के चित्र पर माल्‍यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया। जनपद सदस्‍यगणों, पाषर्दगणों एवं स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का पुष्‍पगुच्‍छ भेंटकर स्‍वागत् किया। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, श्री सुरेन्‍द्र सिंह परिहार, श्री मेहरबान सिंह, श्री चन्‍द्रेश शर्मा, श्री पारस जैन, विपिन चौहान, श्री कमल श्रीमाल सहित त्रि-स्‍तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, पार्षदगण, विधायक प्रतिनिधिगण, एल्‍डरमैन सहित बड़ी संख्‍या में बड़ौद के नगरवासी एवं क्षेत्र के ग्रामीणजन तथा विभिन्‍न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।