विदिशा जिले के लटेरी की होनहार छात्रा सुश्री पूनम राजपूत ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल परिवार, बल्कि जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है। शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लटेरी में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत सुश्री पूनम ने अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया।
उनकी इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत उन्हें स्कूटी क्रय करने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है। योजना का लाभ मिलने से पूनम को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही उनकी आगे की पढ़ाई के लिए नई राह आसान हुई है।
सुश्री पूनम राजपूत ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ मिलने पर मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्कूटी के लिए मिली राशि से उनकी शैक्षणिक सुविधाओं में सहूलियत हुई है और अब वे अपनी पढ़ाई पर और अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। पूनम की सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और अवसर मिलने पर बेटियां अपने सपनों को नई उड़ान दे सकती हैं।





